स्वस्थ जीवन के लिए मानसिक स्वास्थ्य जरूरी, लोहिया कॉलेज में जागरूकता संगोष्ठी
- Post By Admin on Oct 10 2026
मुजफ्फरपुर : विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया स्मारक महाविद्यालय में मनोविज्ञान विभाग की ओर से एक दिवसीय जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, मानसिक रोगों के उपचार तथा इससे जुड़े सामाजिक भेदभाव को दूर करने के प्रति जागरूक किया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) मनोज कुमार ने कहा कि स्वस्थ मन ही स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना भी बेहद जरूरी है। इसके लिए लोगों को स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए। प्राचार्य ने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के प्रति सहानुभूति, प्रेम और सहयोग का भाव रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मानसिक रोग से पीड़ित लोगों का मजाक उड़ाना या उन्हें अपमानित करना अनुचित है। ऐसे लोगों को उपहास का पात्र बनाने के बजाय उन्हें समझने और उचित उपचार के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत है।
महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. हरिश्चंद्र यादव ने अपने संबोधन में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से सचेत रहने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मानसिक रोग भी अन्य बीमारियों की तरह उपचार योग्य हैं। इसलिए मानसिक समस्याओं को लेकर झिझकने या उन्हें छिपाने के बजाय समय पर उचित चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए। संगोष्ठी में मनोविज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. नन्हे कुमार, डॉ. बी.एल. शर्मा और डॉ. ममता कुमारी सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। संगोष्ठी का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और समाज में मानसिक रोगों से जुड़े भ्रम, संकोच तथा भेदभाव को दूर करने का संदेश देना रहा।