मुजफ्फरपुर में ‘नशा मुक्त बिहार–कौशल युक्त बिहार’ अभियान, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
- Post By Admin on Oct 10 2026
मुजफ्फरपुर: युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और कौशल विकास के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एल.एन.टी. कॉलेज, मुजफ्फरपुर और गाँव समाज फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कॉलेज के मल्टीपर्पज हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय ‘नशा मुक्त बिहार–कौशल युक्त बिहार’ रहा। इसमें विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण, सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा शिक्षा और कौशल विकास के जरिए बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एल.एन.टी. कॉलेज की प्राचार्य डॉ. ममता रानी रहीं। इसके आयोजन एवं समन्वय में गणित विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. योगेश कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार, आर्थिक स्थिति, सामाजिक संबंध और भविष्य भी प्रभावित होते हैं। युवाओं से अपील की गई कि वे नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों, सामाजिक सेवा और कौशल विकास में करें।
‘नशा मुक्त बिहार–कौशल युक्त बिहार’ अभियान का उद्देश्य नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ युवाओं को रोजगारपरक कौशल, डिजिटल शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना है। आयोजकों ने कहा कि सशक्त बिहार के निर्माण के लिए युवाओं का नशे से मुक्त होना और कौशल से युक्त होना जरूरी है, ताकि वे रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के साथ आत्मनिर्भर भी बन सकें। इस अवसर पर गाँव समाज फाउंडेशन के बोर्ड सदस्य एवं नशा मुक्त बिहार डिजिटल अभियान के प्रमुख विश्व मोहित, टेक्टाइम के निदेशक एवं फाउंडेशन के सहयोगी सौरभ सुमन, फाउंडेशन के सहयोगी हिमांशु तथा अभिषेक कुमार की सहभागिता रही।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सामाजिक परिवर्तन में सक्रिय भूमिका निभाने, जागरूकता अभियान से जुड़ने और अपने विचारों एवं कौशल के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजकों ने शिक्षण संस्थानों, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों से नशामुक्त एवं कौशलयुक्त बिहार के निर्माण में सहयोग करने की अपील की। एल.एन.टी. कॉलेज और गाँव समाज फाउंडेशन की इस संयुक्त पहल के माध्यम से युवाओं के बीच नशामुक्ति और कौशल विकास का संदेश प्रसारित किया गया। कार्यक्रम का संदेश रहा कि नशे से दूरी, कौशल से दोस्ती, यही विकसित और सशक्त बिहार की ओर बढ़ने का रास्ता है।