जल-जीवन-हरियाली दिवस पर जल संरक्षण और तालाबों के जीर्णोद्धार पर जोर
- Post By Admin on May 05 2026
लखीसराय : जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय के तत्वावधान में मंगलवार को जिला परिषद सभागार में “जल-जीवन-हरियाली दिवस” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक द्वीप प्रज्वलन के साथ राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान से हुई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार ने जल-जीवन-हरियाली अभियान के उद्देश्यों और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिहार में जल संसाधनों की उपलब्धता के बावजूद अनियमित वर्षा, जल संचयन संरचनाओं के रखरखाव में कमी और भूजल के अत्यधिक दोहन के कारण जलस्तर में लगातार गिरावट हो रही है।
उन्होंने बताया कि इन चुनौतियों से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा जल-जीवन-हरियाली अभियान की शुरुआत की गई है, जिसके तहत जल संरक्षण, संचयन और हरितावरण को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने तालाबों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ग्रामीण जीवन और कृषि के लिए ये बेहद उपयोगी हैं, लेकिन अतिक्रमण और उपेक्षा के कारण कई तालाब अपनी पहचान खोते जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान लघु सिंचाई प्रमंडल द्वारा “सार्वजनिक जल संचयन संरचनाओं का चिन्हांकन एवं उनकी चुनौतियाँ” विषय पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। विभाग ने जानकारी दी कि जिले में 5 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल वाले तालाबों के जीर्णोद्धार का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। वर्ष 2019 से अब तक विभिन्न प्रखंडों में कई तालाबों का जीर्णोद्धार किया जा चुका है, जिनमें निमिया तालाब, बढ़हिया तालाब, सोना बड़ी तालाब, रामगढ़ चौक तालाब एवं लखीसराय तालाब प्रमुख हैं। वर्तमान में शर्मा बड़ी तालाब का जीर्णोद्धार कार्य प्रगति पर है, जबकि इमरत तालाब (हलसी), बल्लूपुर तालाब (हलसी) एवं भ्रम तालाब (हलसी) के लिए निविदा प्रक्रिया जारी है।
कार्यक्रम के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे जल संरक्षण को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर सूर्यगढ़ा विधायक श्री रामानंद मंडल, जिला परिषद अध्यक्षा श्रीमती अंशु कुमारी, अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी मो. मुस्तकीम, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण श्री नीरज कुमार, निदेशक (NEP) श्री नीरज आनंद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुश्री पम्मी रानी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।