लखीसराय में गैस-पेट्रोल की कमी नहीं, अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती
- Post By Admin on May 05 2026
लखीसराय : खाड़ी देशों में जारी युद्ध के बीच गैस आपूर्ति बाधित होने की चर्चाओं पर लखीसराय जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक होकर अनावश्यक खरीदारी से बचें।
प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि संकट का फायदा उठाकर गैस की कालाबाजारी करने या अधिक कीमत वसूलने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को जेल भेजा जाएगा। कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रखंड स्तर पर बीडीओ, आपूर्ति पदाधिकारी और थानाध्यक्षों की संयुक्त टीम गठित कर निगरानी तेज कर दी गई है। यह टीम गैस एजेंसियों और वितरण केंद्रों पर लगातार नजर रखेगी।
आम जनता की शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए समाहरणालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। लोग हेल्पलाइन नंबर 06346-232152 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार जिले की 16 गैस एजेंसियों के पास वर्तमान में लगभग चार हजार सिलेंडर उपलब्ध हैं।
शहरी क्षेत्रों में पाइप गैस (PNG) को बढ़ावा देने के लिए संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं, ताकि इच्छुक उपभोक्ता आसानी से नया कनेक्शन ले सकें। वहीं प्रवासी मजदूरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 5 किलो वाले छोटे सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर प्रशासन ने बताया कि तेल कंपनियां एक-एक दिन के अंतराल पर आपूर्ति कर रही हैं, जिससे कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी कमी दिख सकती है, लेकिन कुल भंडार पर्याप्त है। उपभोक्ताओं को जरूरत पड़ने पर नजदीकी अन्य पेट्रोल पंपों से ईंधन लेने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारत सरकार के नियमों के अनुसार उपभोक्ता पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 15 दिनों बाद ही नई बुकिंग करा सकते हैं। बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और जरूरत के अनुसार ही सिलेंडर की मांग करें।