बोल जमुरे बोल से बाल विवाह पर प्रहार, सबेरा की नाट्य कार्यशाला में बच्चों की शानदार प्रस्तुति
- Post By Admin on May 05 2026
मुजफ्फरपुर: नाट्य संस्था सबेरा द्वारा आयोजित 7 दिवसीय प्रस्तुति परक नाट्य कार्यशाला के तहत मंगलवार को आदर्श राजकीय उच्च मध्य विद्यालय, बीएमपी कम्पाउंड, मालीघाट में बच्चों द्वारा सामाजिक संदेश से भरपूर नाटक “बोल जमुरे बोल” की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। नाटक के माध्यम से बाल विवाह जैसी कुरीति के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
नाटक में आर्यन कुमार ने जमुरा, चांदनी कुमारी ने मदारी, सलोनी कुमारी ने किलकारी रानी, एम डी जैन ने अखबार वाले और प्रियंका ने परी व महिला की भूमिका निभाकर दर्शकों को प्रभावित किया। बच्चों के अभिनय और प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। कार्यशाला के निदेशक एवं कठपुतली विशेषज्ञ सुनील कुमार ने बच्चों को रंगमंचीय मुद्राओं, उनके महत्व, पर्सनालिटी डेवलपमेंट और वॉइस मॉड्यूलेशन का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि रंगमंच बच्चों के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाता है और इसे जीवन में अपनाना जरूरी है।
संस्थान के सचिव सुजीत कुमार ने नाट्य विधा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को इसे अपने व्यवहार में शामिल करने और महान व्यक्तियों की जीवनी से सीख लेने की प्रेरणा दी। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार ने बच्चों को रंगमंच के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, शारीरिक और सामाजिक स्वच्छता पर भी ध्यान देने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। नाटक की प्रस्तुति को सभी ने सराहा और इसे समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश देने वाला बताया।