ग्रेटर नोएडा में Young Achievers Excellence Award - शिक्षा से सेवा तक 2026 के आयोजन में विद्यार्थी सम्मानित
- Post By Admin on Jun 28 2026
ग्रेटर नोएडा: GNIOT Group of Institutions, Greater Noida एवं Dhruv Classes के संयुक्त तत्वावधान में "Young Achievers Excellence Award – शिक्षा से सेवा तक 2026" का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं, IIT-JEE, NDA तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें शिक्षा के साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व के लिए प्रेरित करना था।
समारोह में विभिन्न बोर्ड एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं 'Certificate of Excellence' प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक, शिक्षाविद एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) चंद्रशेखर ने कहा कि स्वतंत्र भारत में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, निरंतर अध्ययन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार है।
पूर्व भाजपा किसान मोर्चा प्रवक्ता रजनीश राय ने विद्यार्थियों से माता-पिता के प्रति सम्मान, समर्पण और कृतज्ञता बनाए रखने का संदेश दिया। वहीं शिक्षाविद एवं बाल अधिकारों के संरक्षक अजीत सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अधिक अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार और बेहतर इंसान बनना है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों में नवाचार, सृजनात्मकता एवं मानवीय मूल्यों के विकास पर विशेष ध्यान देने की अपील की। योग गुरु संतोष ने विद्यार्थियों को नियमित योग अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और एकाग्र मन ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। पर्दाफाश न्यूज़ के संपादक विकास त्रिपाठी ने विद्यार्थियों से पुस्तकों को अपना सबसे अच्छा मित्र बनाने का आग्रह करते हुए कहा कि नियमित अध्ययन से ज्ञान और व्यक्तित्व दोनों का विकास होता है।
प्रो. प्रवीण पचौरी ने युवाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने की सोच विकसित करने का संदेश दिया और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। कौशल्या वर्ल्ड स्कूल की अध्यक्षा कुशल सिंह ने विद्यार्थियों से शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता मनोज त्यागी ने कहा कि सफलता केवल ज्ञान से नहीं, बल्कि मजबूत चरित्र और मानसिक दृढ़ता से प्राप्त होती है। वहीं पूर्व श्रमायुक्त एवं लेबर जज बृजेश राय ने भारतीय ज्ञान परंपरा, वैदिक शिक्षा एवं सांस्कृतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कारयुक्त एवं व्यवहारिक शिक्षा भी समय की आवश्यकता है।
Dhruv Classes के संस्थापक पवन राय ने कहा कि उनकी संस्था भविष्य में भी मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने, उन्हें शैक्षणिक एवं आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने तथा "शिक्षा से सेवा" की भावना को समाज तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। इस अवसर पर पूर्व श्रमायुक्त एवं लेबर जज बृजेश राय, समाजसेविका सूर्यकला लक्ष्मी, GNIOT Group के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह, Helmet Man of India राघवेंद्र, GNIOT Group के आउटरीच हेड पंकज कुमार सहित अनेक शिक्षाविद, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को ज्ञान, अनुशासन, नवाचार, संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने तथा "शिक्षा से सेवा" के उद्देश्य को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।