लखीसराय में मनाया गया सितारा सप्ताह, उभयलिंगी व्यक्तियों के अधिकारों पर चला जागरूकता अभियान
- Post By Admin on May 08 2026
लखीसराय: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (बालसा) पटना एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) लखीसराय के निर्देशानुसार 4 मई से 8 मई 2026 तक “सितारा सप्ताह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह DLSA अध्यक्ष मोहम्मद सैयद शब्बीर आलम तथा प्राधिकार के सचिव अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विद्यानंद सागर के मार्गदर्शन में किया गया।
इस दौरान पैनल अधिवक्ता सीतेश सुधांशु और पारा विधिक स्वयंसेवक बटोही यादव के नेतृत्व में विधिक जागरूकता शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, लीगल एड क्लीनिक कैंप, पहचान पत्र कैंप, स्किल डेवलपमेंट कैंप, पुलिस सेंसिटाइजेशन एवं कम्युनिटी इंटरेक्शन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का विधिवत समापन किऊल पुलिस स्टेशन में संपन्न हुआ। पैनल अधिवक्ता सीतेश सुधांशु ने बताया कि उभयलिंगी व्यक्तियों के साथ भेदभाव एक सामाजिक बुराई है, जिसे समाप्त करने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “सितारा 2023 योजना” लागू की गई है। उन्होंने कहा कि यह योजना उभयलिंगी व्यक्तियों के एकीकरण, पुनर्वास और न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बनाई गई है। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत प्रत्येक व्यक्ति को जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार प्राप्त है, जिसमें उभयलिंगी व्यक्ति भी शामिल हैं। वहीं अनुच्छेद 39 (ए) के तहत उन्हें सामान्य एवं निःशुल्क विधिक सहायता का अधिकार भी प्राप्त है।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि “सितारा योजना” के अंतर्गत उभयलिंगी व्यक्तियों को उनके बुनियादी अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं और न्यायिक सहायता तक पहुंच सुनिश्चित की जाती है। साथ ही राज्य, जिला और उपमंडल स्तर पर विधिक सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पारा विधिक स्वयंसेवकों और छात्रों की मदद से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने भरोसा दिलाया कि उभयलिंगी व्यक्तियों को समय पर विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।