विश्व रेड क्रॉस दिवस पर मानवता और सेवा भावना का संदेश, कई समाजसेवी हुए सम्मानित
- Post By Admin on May 08 2026
लखीसराय: भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, लखीसराय के तत्वावधान में शुक्रवार को प्रोफेसर राजनंदन रेड क्रॉस भवन, दामोदरपुर में विश्व रेड क्रॉस दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रामानुज प्रसाद सिंह ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. रामानुज प्रसाद सिंह द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने रेड क्रॉस की महत्ता और मानव सेवा में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। समारोह का विधिवत उद्घाटन दीप प्रज्वलन कर किया गया, जिसमें पुष्पा सिंह, अरविंद कुमार भारती (वाइस चेयरमैन), मनोज कुमार सिंह, डॉ. आर. लाल गुप्ता और संजय कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। मंच संचालन अरविंद कुमार भारती ने किया। अपने संबोधन में डॉ. रामानुज प्रसाद सिंह ने बताया कि रेड क्रॉस की स्थापना युद्ध क्षेत्र में घायल और पीड़ित लोगों की सेवा के उद्देश्य से हुई थी। उन्होंने कहा कि सर हेनरी डुनेंट युद्ध की विभीषिका देखकर इतने व्यथित हुए कि उन्होंने अपना जीवन मानव सेवा को समर्पित कर दिया और रेड क्रॉस सोसाइटी की नींव रखी। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 1901 का पहला नोबेल शांति पुरस्कार रेड क्रॉस सोसाइटी को मिला था।
वाइस चेयरमैन अरविंद कुमार भारती ने प्राथमिक उपचार की जानकारी देते हुए बेहोशी, सांप काटने, आग से जलने और गर्मी के मौसम में ओआरएस के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर मानव सेवा में विशेष योगदान देने वाले डॉ. आर. लाल गुप्ता, पुष्पा सिंह, संजय कुमार सिंह, मनोज कुमार और स्काउट गाइड जिला प्रभारी मृत्युंजय कुमार को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में इस वर्ष की थीम “यूनिटी फॉर ह्यूमैनिटी” पर भी वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। धन्यवाद ज्ञापन संजय कुमार सिंह द्वारा किया गया। स्काउट गाइड के बच्चों और जिला प्रभारी की रेड क्रॉस कार्यक्रमों में लगातार सहयोग के लिए विशेष सराहना की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में शांति सिंह, नीलू कुमार, अजीत कुमार और सौम्या कुमारी सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।