सोमनाथ प्राण-प्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूर्ण होने पर अशोक धाम में विशेष आयोजन
- Post By Admin on May 11 2026
लखीसराय : भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का आयोजन रविवार को अशोक धाम मंदिर, लखीसराय में श्रद्धा, भक्ति और व्यापक जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन, लखीसराय द्वारा किया गया।
सोमनाथ मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, युवाओं, सांस्कृतिक समूहों एवं आम नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर से आयोजित राष्ट्रीय समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने श्रद्धापूर्वक देखा।राष्ट्रीय कार्यक्रम में देशभर से आए संत-महात्माओं, विद्वानों, सांस्कृतिक कलाकारों एवं विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, रुद्राभिषेक, शिव स्तुति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान शिव की आराधना की गई। वक्ताओं ने सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इसे भारतीय सभ्यता, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों का भी उल्लेख किया गया। स्वतंत्र भारत में मंदिर पुनर्निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना और आत्मगौरव का प्रतीक है। इस दौरान देशभर के प्रमुख शिवालयों और सांस्कृतिक स्थलों से जुड़ी गतिविधियों का भी प्रदर्शन किया गया। अशोक धाम मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि की कामना की।