एक दशक में ही जर्जर हुआ लखीसराय बायपास पुल, भाकपा ने उठाए निर्माण गुणवत्ता पर सवाल
- Post By Admin on May 11 2026
लखीसराय : लखीसराय बायपास आरओबी पुल की स्थिति को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर सवाल उठने लगे हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता रजनीश कुमार ने आरोप लगाया है कि निर्माण के लगभग एक दशक के भीतर ही बायपास पुल जर्जर स्थिति में पहुंच गया है और यह सरकारी भ्रष्टाचार तथा निर्माण कार्य में अनियमितता का बड़ा उदाहरण बन गया है।
उन्होंने कहा कि वर्षों के जनसंघर्ष और वामपंथी आंदोलन के बाद लखीसराय को यह बायपास पुल मिला था, जिसे क्षेत्र के विकास का प्रतीक बताया गया था। लेकिन वर्तमान स्थिति यह है कि तकनीकी जांच के बाद प्रशासन को पुल पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगानी पड़ी है। इससे पुल की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रजनीश कुमार ने आरोप लगाया कि पुल निर्माण के लिए स्वीकृत बजट की बड़ी राशि कथित रूप से कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई, जिसके कारण निर्माण कार्य की गुणवत्ता प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों को सरकारी संरक्षण मिलने के कारण उनमें किसी प्रकार का भय नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने पुल निर्माण के समय से ही गुणवत्ता की जांच और निर्माण कार्य में हुई अनियमितताओं की जांच की मांग उठाई थी, लेकिन प्रशासन द्वारा इसे नजरअंदाज कर दिया गया। अब भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगने से प्रशासन ने भी अप्रत्यक्ष रूप से पुल में गंभीर तकनीकी खामियों को स्वीकार कर लिया है। भाकपा नेता ने पुल निर्माण की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने, दोषी ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा जनता के पैसों की कथित लूट में शामिल लोगों को दंडित करने की मांग की है। पुल की स्थिति को लेकर आम लोगों में भी चिंता का माहौल है, क्योंकि यह बायपास मार्ग जिले के यातायात के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।