ऑपरेशन यात्री सुरक्षा अभियान में रेल पुलिस को सफलता, चोरी का मोबाइल जब्त
- Post By Admin on May 11 2026
लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल स्टेशन पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत रेल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर एक यात्री से मोबाइल झपटकर भाग रहे दो अपचारी किशोरों को रेलवे सुरक्षा बल एवं जीआरपी की टीम ने पकड़ लिया। उनके पास से चोरी किया गया मोबाइल भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक ललन कुमार सिंह एवं अन्य पुलिसकर्मी किऊल स्टेशन पर यात्री सामानों की चोरी रोकने के लिए निगरानी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पश्चिमी छोर दक्षिण दिशा की ओर दो किशोर संदिग्ध अवस्था में भागते दिखाई दिए। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को दोपहर 12:40 बजे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों किशोर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और न ही यात्रा से संबंधित कोई टिकट दिखा पाए। तलाशी लेने पर उनके पास से रेडमी कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने एक यात्री से मोबाइल छीनकर भागने की कोशिश की थी।
मौके पर ही फर्द तलाशी सह जब्ती सूची तैयार कर मोबाइल को जब्त कर लिया गया। पकड़े गए अपचारी किशोरों की पहचान गौतम कुमार (12), पिता मुशो यादव, निवासी किऊल धर्मशाला तथा प्रिंस कुमार (16), पिता मसूदन यादव, निवासी किऊल थाना क्षेत्र, जिला लखीसराय के रूप में हुई है। घटना के संबंध में प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर जीआरपी किऊल में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रेल पुलिस ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी और विशेष अभियान चलाया जा रहा है।