अपराध नियंत्रण हेतु विशेष अभियान जारी, 9 गिरफ्तार
- Post By Admin on Dec 21 2024

मोतिहारी : पूर्वी चम्पारण के पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण के लिए जारी विशेष अभियान के तहत मुफसिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। बीते गुरुवार को हत्या, गृहभेदन और शराब मामलों में फरार अभियुक्तों समेत कुल 9 अपराधियों की गिरफ्तारी की गई। इनमें गैर जमानतीय वारंट के तहत 4 वारंटियों की भी गिरफ्तारी शामिल है।
मुफसिल थाना क्षेत्र के हत्या कांड में शामिल तीन अभियुक्तों की पहचान सुरेन्द्र राम, प्रमोद पासवान उर्फ रितेश कुमार और रौशन पासवान उर्फ रौशन कुमार के रूप में हुई है। सुरेन्द्र राम को बड़ा बरियारपुर स्थित मुकेश बैठा के किराए के मकान से पकड़ा गया। इस कांड में राजीव रंजन की हत्या के आरोप में गिरफ़्तारी हुई है।
वहीं, गृहभेदन के मामले में ब्रजेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। जिसका आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ मुफसिल थाना और पिपरा थाना में पहले से कई मामले दर्ज हैं। शराब कांड में सूरज कुमार को पकड़ा गया है जो बासमनपुर का निवासी है।
इस सफल अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेश कुमार पांडे, मुफसिल थानाध्यक्ष मनीष कुमार, निरीक्षक सुधीर तिवारी और अन्य पुलिस कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने इस अभियान को अपराधियों के खिलाफ सख्ती का संदेश करार दिया है।