वृद्धजनों के साथ मनाया आजादी का जश्न, समाजसेवी टीम ने बांटी मिठाई और भोजन
- Post By Admin on Aug 15 2026
मुजफ्फरपुर: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में कार्यरत सामाजिक कार्यकर्ता की टीम ने सनातनी वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने वृद्धजनों के साथ समय बिताया और उनके बीच खुशियां बांटीं।
कार्यक्रम के दौरान सभी वृद्धजनों को गिलौरी, बूंदी सहित मिठाइयां खिलाई गईं। इसके साथ ही भोजन के रूप में पूरी सहित अन्य व्यंजन भी उपलब्ध कराए गए। बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भोजन किया और कार्यक्रम के दौरान काफी खुश नजर आए। टीम के सदस्यों ने वृद्धजनों के साथ झंडा दिवस मनाते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान आश्रम का माहौल खुशी और अपनत्व से भर गया।
आयोजकों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां साझा करने और जरूरतमंद लोगों के बीच अपनत्व का भाव बढ़ाने का भी अवसर है। वृद्धजनों के साथ समय बिताकर टीम के सदस्य भी भावुक और खुश नजर आए।कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं समृद्धि की कामना की।