महाराणा प्रताप उच्च विद्यालय में शान से फहराया तिरंगा, राष्ट्रनिर्माण का लिया संकल्प
- Post By Admin on Aug 15 2026
मीनापुर: राजकीयकृत महाराणा प्रताप उच्च विद्यालय, गोरिगामा (10+2) में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय के संस्थापक एवं स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय शिवशंकर सिंह की पौत्रवधू तथा गोरिगामा पंचायत की पूर्व मुखिया अनामिका सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपने संबोधन में अनामिका सिंह ने देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों का त्याग एवं बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना और देश की प्रगति में योगदान करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पित भाव से कार्य करना होगा। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच के माध्यम से देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से उत्सव का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनामिका कुमारी, अभिरुचि सिंह, अमन सिंह, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।