NDA अभ्यर्थियों ने देशभक्ति प्रस्तुतियों से बांधा समां, ‘अधिकारी बनकर राष्ट्रसेवा’ का लिया संकल्प
- Post By Admin on Aug 15 2026
मुजफ्फरपुर: डेफेंसेजाडे ऑफिसर्स अकादमी, मुजफ्फरपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राम प्रवेश सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, भगवानपुर सेवा केंद्र की केंद्र प्रमुख बी.के. मीरा मौजूद रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने के साथ हुई। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। राष्ट्रगान के दौरान पूरा अकादमी परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत नजर आया।समारोह में अकादमी के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविताएं और नृत्य प्रस्तुत कर राष्ट्रसेवा के प्रति अपने संकल्प और समर्पण की भावना व्यक्त की। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को भावविभोर कर दिया।
अकादमी के सभी विद्यार्थी राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। उनका लक्ष्य भारतीय सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है। समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल सैन्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा का संकल्प अपने आप में महान संकल्प है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। अतिथियों ने अकादमी के निदेशक शिव कुमार सिंह के सैन्य अनुभव और युवाओं को दिए जा रहे मार्गदर्शन की भी सराहना की। शिव कुमार सिंह भारतीय सेना में 17 वर्षों तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सैन्य सेवा के दौरान भी उन्होंने अनेक युवाओं को मार्गदर्शन दिया, जिनमें से कई आज भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में देश की सेवा कर रहे हैं।
अतिथियों ने विद्यार्थियों से निदेशक के अनुभव और मार्गदर्शन का भरपूर लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहते हुए ‘अधिकारी बनकर राष्ट्रसेवा’ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। समारोह में बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के उपाध्यक्ष कैप्टन प्रमोद कुमार सिंह (सेवानिवृत्त), अभ्युदय कुमार सिंह, मृत्युंजय कुमार सिंह, सत्येंद्र कुमार सिंह, उमेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को और मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ। “तिरंगा हमारी शान है, राष्ट्रसेवा हमारा लक्ष्य है।”