घरेलू कामगारों के अधिकारों की रक्षा हेतु सामाजिक सुरक्षा और सम्मान जरूरी : सुनील कुमार
- Post By Admin on Jun 16 2026
पटना: अंतर्राष्ट्रीय घरेलू कामगार दिवस के अवसर पर मंगलवार को सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन की ओर से एक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में घरेलू कामगारों के अधिकार, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के सचिव सुनील कुमार ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष 16 जून को अंतर्राष्ट्रीय घरेलू कामगार दिवस मनाया जाता है। यह दिवस घरेलू कामगारों को श्रमिक का दर्जा दिलाने, उचित वेतन, सामाजिक सुरक्षा तथा कार्यस्थल पर सम्मानजनक अधिकार सुनिश्चित करने की मांग को मजबूत करने के लिए समर्पित है।
सुनील कुमार ने कहा कि घरेलू कामगार समाज और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं, लेकिन उन्हें अभी भी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनके अधिकारों की रक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राम विचार मंच के संयोजक संतोष ठाकुर ने कहा कि घरेलू कार्य को वास्तविक श्रम के रूप में मान्यता देते हुए घरेलू कामगारों के लिए न्यूनतम वेतन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। वहीं संजू देवी ने कहा कि घरेलू कामगारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाएं, मातृत्व लाभ तथा सवैतनिक अवकाश जैसे अधिकार उपलब्ध कराए जाने चाहिए। सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम जय नारायण निषाद ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में घरेलू कामगारों की स्थिति सुधारने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन शोषण, असुरक्षित कार्य परिस्थितियां और अधिकारों के प्रति जागरूकता की कमी अब भी बड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं।
संवाद कार्यक्रम के दौरान घरेलू कामगारों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा और कल्याण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर जन नायिका सरला श्रीवास सम्मान से ग्राम विचार मंच के संयोजक संतोष ठाकुर एवं संजू देवी को अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बबिता देवी, अनिल कुमार ठाकुर, कांता देवी (कठपुतली कलाकार) सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सरला श्रीवास युवा मंडल की अध्यक्ष सुमन कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।