सितारा सप्ताह का आगाज : उभयलिंगी व्यक्तियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की अनूठी पहल

  • Post By Admin on May 04 2026
सितारा सप्ताह का आगाज : उभयलिंगी व्यक्तियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की अनूठी पहल

लखीसराय : बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार जिले में 4 मई 2026 से 8 मई 2026 तक सितारा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के सचिव विद्यानंद सागर के दिशा-निर्देश पर किउल रेलवे स्टेशन परिसर में एक विशेष विधिक जागरूकता शिविर लगाया गया। इस शिविर का मुख्य विषय उभयलिंगी व्यक्तियों का एकीकरण, पुनर्वास एवं न्याय तक पहुंच योजना 2023 (सितारा 2023) रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता किन्नर गुरु चांद तारा ने की। इस अवसर पर प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता सतीश सुधांशु ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सितारा योजना विशेष रूप से उभयलिंगी व्यक्तियों के साथ समाज में हो रहे भेदभाव को समाप्त करने के लिए लाई गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार की यह पहल उभयलिंगी व्यक्ति अधिकारों का संरक्षण अधिनियम 2019 और 2020 के उचित क्रियान्वयन की निगरानी करने तथा इस समुदाय के समुचित कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए की गई है।

जागरूकता शिविर के दौरान इस वर्ग के लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और पुनर्वास से जुड़ी सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मौके पर पैरा विधिक स्वयंसेवक (अधिकार मित्र) बटोही यादव, किन्नर चांदनी कुमारी, पायल कुमारी, राम भरोसी राम, राजेंद्र कुमार, घनश्याम यादव, रोहित कुमार, अंकुश कुमार और गोपाल साथी सहित बड़ी संख्या में रेल यात्री मौजूद थे। शिविर में आए लोगों ने कानून की बारीकियों को समझा और अपनी शंकाओं का समाधान किया। प्राधिकार का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों को न्याय की मुख्यधारा से जोड़ना है।