नाबालिग चालकों और ट्रिपल राइडर्स की अब खैर नहीं, परिवहन विभाग ने कसी कमर

  • Post By Admin on May 04 2026
नाबालिग चालकों और ट्रिपल राइडर्स की अब खैर नहीं, परिवहन विभाग ने कसी कमर

लखीसराय : जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और सड़क दुर्घटनाओं की दर में कमी लाने के लिए परिवहन विभाग ने व्यापक अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा (टोटो) और मोटरसाइकिल चलाने की बढ़ती शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू की है।

सोमवार को एनएच 80 पर जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए टीम ने आवश्यक कदम उठाए। अभियान के दौरान बिना हेलमेट के बाइक चलाने वाले, एक ही मोटरसाइकिल पर तीन सवारी (ट्रिपल राइडिंग) बैठाने वाले और तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई।

परिवहन विभाग की इस छापेमारी में कुल 41 वाहनों का चालान काटा गया, जिससे कुल 3,00,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। विशेष रूप से एक नाबालिग मोटरसाइकिल चालक को भी पकड़ा गया, जिस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए चालान किया गया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर न केवल चालान किया जाएगा, बल्कि संबंधित वाहन मालिकों और अभिभावकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा सकती है।

इस अभियान के दौरान जिला परिवहन टीम में जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ एमवीआई प्रतीक कुमार, एमवीआई बिपिन कुमार और ईएसआई सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे। अधिकारियों ने वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, अन्यथा भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। यह अभियान आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर निरंतर जारी रहेगा।