मोबाइल चार्जिंग को लेकर विवाद में युवक को मारा था चाकू, रेल पुलिस ने आरोपी को दबोचा

  • Post By Admin on Oct 25 2026
मोबाइल चार्जिंग को लेकर विवाद में युवक को मारा था चाकू, रेल पुलिस ने आरोपी को दबोचा

शेखपुरा : शेखपुरा रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चार्ज करने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति को चाकू मारकर घायल करने के मामले में राजकीय रेल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक की पहचान नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के मसूदा गांव निवासी राकेश कुमार उर्फ अंबानी (20) के रूप में हुई है। पीड़ित ने भी गिरफ्तार आरोपी की पहचान की है।

रेल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को शेखपुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक के पास मोबाइल चार्जिंग को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान मेला देखकर लौट रहे नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र अंतर्गत भट्ठा गांव निवासी सूरज कुमार पर एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।

घटना के संबंध में राजकीय रेल पुलिस, शेखपुरा में कांड संख्या 07/26 के तहत 21 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 109, 118(2), 115(2) और 126(2) में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर राजकीय रेल पुलिस, शेखपुरा के सहयोग से राकेश कुमार उर्फ अंबानी को 25 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे पकड़ा गया। पीड़ित सूरज कुमार ने गिरफ्तार युवक की पहचान घटना में शामिल व्यक्ति के रूप में की। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल न्यायालय, लखीसराय भेजा जा रहा है।