पंचायतों में लगेगा समाधान शिविर, मुख्यमंत्री ने सहयोग हेल्पलाइन का किया लोकार्पण
- Post By Admin on May 11 2026
लखीसराय : बिहार सरकार द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शिकायत निवारण व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को “सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100” एवं “सहयोग पोर्टल” का विधिवत लोकार्पण किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राज्य के सभी जिलों में किया गया, जिसमें लखीसराय जिला प्रशासन के अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आम लोगों का कल्याण और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से “सहयोग शिविर” की शुरुआत की जा रही है। यह शिविर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को संबंधित पंचायतों में आयोजित किए जाएंगे, जहां नागरिक अपनी शिकायतों और समस्याओं से संबंधित आवेदन देकर समाधान प्राप्त कर सकेंगे। सरकार की ओर से जानकारी दी गई कि शिविर के आयोजन से लगभग 30 दिन पूर्व आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। आवेदन ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से स्वीकार किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोगों को सुविधा मिल सके। प्राप्त आवेदनों की नियमित निगरानी मुख्यालय स्तर से की जाएगी तथा सचिव, प्रधान सचिव और मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी मामलों के समयबद्ध निष्पादन को सुनिश्चित करेंगे।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार जनसरोकार से जुड़े विषयों के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि “सहयोग शिविर” और “सहयोग पोर्टल” आम नागरिकों को एक सशक्त मंच प्रदान करेगा, जहां उनकी समस्याओं का पारदर्शी और प्रभावी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि तकनीक के माध्यम से शिकायत निवारण प्रक्रिया को अधिक सरल, जवाबदेह और पारदर्शी बनाया जा रहा है। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि “सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100” के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायतों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे तथा “सहयोग पोर्टल” पर ऑनलाइन आवेदन देने के साथ उसकी प्रगति की निगरानी भी कर सकेंगे।
लखीसराय जिला से इस कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार सहित सहयोग शिविर से जुड़े सभी प्रभारी पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल रहे।