बिहार के पर्यटन मंत्री से मिले रानू शंकर, गांधी स्वराज आश्रम के सौंदर्यकरण पर हुई चर्चा
- Post By Admin on May 26 2026
मुजफ्फरपुर: जिले के पारू विधानसभा क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के विकास को लेकर गांधी स्वराज आश्रम, कमलपुरा पारू के अध्यक्ष रानू शंकर ने बिहार सरकार के नव नियुक्त पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पारू क्षेत्र के ऐतिहासिक स्थलों के विकास, उन्नयन एवं पर्यटन मानचित्र पर उन्हें स्थापित करने की मांग रखी।
मुलाकात के दौरान रानू शंकर ने कमलपुरा स्थित गांधी स्वराज आश्रम परिसर में विश्व की सबसे ऊंची महात्मा गांधी प्रतिमा के निर्माण एवं सौंदर्यकरण कार्य को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन पहले ही किया जा चुका है और अब डबल इंजन सरकार से इसके शीघ्र क्रियान्वयन की अपेक्षा है। पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित फाइल पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा इसे पर्यटन विभाग के सचिव को अग्रसारित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री के सकारात्मक रुख से गांधी स्वराज आश्रम और पारू क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
रानू शंकर ने कहा कि यदि इन ऐतिहासिक स्थलों और गांधी स्वराज आश्रम का समुचित विकास होता है तो इससे न केवल क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान मजबूत होगी, बल्कि पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।