अस्पतालों और थानों में बढ़ेगी निगरानी, डीएम ने की सीसीटीवी व्यवस्था की समीक्षा
- Post By Admin on May 26 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिले में विभिन्न स्थानों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और उनके सुचारू संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में लगे कैमरों की कार्य स्थिति की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को विशेष प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिया कि सदर अस्पताल समेत जिले के सभी अस्पतालों के बाह्य रोगी विभाग कक्षों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि मरीजों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जा सके। समीक्षा में सामने आया कि सदर अस्पताल में कुल 34 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें से केवल 7 ही कार्यरत हैं। इस पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए सभी कैमरों को शीघ्र चालू कराने का निर्देश दिया।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिला योजना कार्यालय द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए 255 सीसीटीवी कैमरों में से 84 कैमरे खराब हैं। इस पर जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार को निर्देश दिया गया कि अधिकतम 10 दिनों के भीतर सभी खराब कैमरों की मरम्मत कर उन्हें चालू कराया जाए तथा इसकी विस्तृत प्रतिवेदन समर्पित किया जाए। जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी थानों के बाहर और आसपास के क्षेत्रों में भी सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया, ताकि विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। साथ ही अस्पतालों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर लगे कैमरों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुधांश नारायण सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।