किलकारी समर कैम्प में उत्कृष्ट योगदान पर कठपुतली कलाकार सुनील कुमार सम्मानित
- Post By Admin on Jun 23 2026
मुजफ्फरपुर: मालीघाट स्थित सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन में मंगलवार को आयोजित बैठक में किलकारी, बिहार बाल भवन, मुजफ्फरपुर के 21 दिवसीय "चक धूम धूम" समर कैम्प की उपलब्धियों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर किलकारी की प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी के हाथों कठपुतली कलाकार सुनील कुमार को उनके कला एवं सांस्कृतिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता फाउंडेशन की संरक्षक कांता देवी ने की। उन्होंने कहा कि किलकारी, बिहार बाल भवन द्वारा आयोजित समर कैम्प में 8 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को 35 विभिन्न कला विधाओं का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि यह संस्था शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के अधीन बच्चों के सृजनात्मक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक एवं खेल प्रतिभाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सम्मानित कलाकार सुनील कुमार ने बताया कि जिला स्कूल सभागार में आयोजित समापन समारोह में बच्चों ने भरतनाट्यम, कथक, गरबा, शास्त्रीय गायन, भजन, लोकगीत, ग़ज़ल, बीटबॉक्सिंग, कराटे, नाटक, राधा-कृष्ण भाव नृत्य, छठ महापर्व पर आधारित नृत्य-नाटिका तथा रवीन्द्रनाथ ठाकुर की कहानी "तोते की शिक्षा" की नाट्य प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की। साथ ही मिथिला चित्रकला की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई।
उन्होंने बताया कि समापन समारोह के दौरान चित्रांश खेल एवं संस्कृति संस्थान के राजीव, गोपाल फलक तथा बिहार बाल भवन के प्रशिक्षकों कायनात आफरीन, सीमा कुमारी, गौरीशंकर मिश्रा, अरुणिमा, अमन राज, सोनू कुमार, सौरभ कुमार, सुजाता कुमारी, रूपा पाठक, राजू सहनी, आशीष राज, बब्लू कुमार, राजीव कुमार, अर्पिता कुमारी एवं कृष्णनंदन कुमार सहित कई कला प्रशिक्षकों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। बैठक में प्रियंका चौधरी, पूर्णिमा बाला (सीआरपी कमिश्नरी रिसोर्स पर्सन), सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी रश्मि आनंद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कला एवं संस्कृति के संरक्षण तथा बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों की निरंतरता पर बल दिया गया।