मुजफ्फरपुर की संस्था का पुणे पुलिस आयुक्त ने किया उत्साहवर्धन, समाजहित में सहयोग का आश्वासन
- Post By Admin on Jul 13 2026
मुजफ्फरपुर/पुणे : महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में कार्यरत संस्था सोशल वर्कर फॉर वुमन इम्पावरमेंट के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान संस्था की ओर से उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुलाकात के दौरान महिला सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता, महिला सशक्तिकरण तथा समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए आश्वस्त किया कि पुणे में समाजहित से जुड़े किसी भी अभियान में आवश्यकता पड़ने पर पुणे पुलिस हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगी।
बैठक के दौरान पुलिस आयुक्त ने बिहार, विशेषकर मुजफ्फरपुर की सामाजिक परिस्थितियों और वहां संचालित जनकल्याणकारी गतिविधियों की भी जानकारी ली। इस पर संस्था के प्रतिनिधियों ने महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की। संस्था की संयोजक बबली कुमारी ने कहा कि पुलिस आयुक्त से हुई यह मुलाकात संस्था के लिए सम्मान और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी समाजहित और जनकल्याण के कार्यों में पुणे पुलिस का मार्गदर्शन और सहयोग मिलता रहेगा। साथ ही उन्होंने पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया।