लखीसराय में राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा, 13 बेंचों का गठन

  • Post By Admin on May 07 2026
लखीसराय में राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा, 13 बेंचों का गठन

लखीसराय : आगामी 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने को लेकर लखीसराय व्यवहार न्यायालय में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम के प्रकोष्ठ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, आरक्षी अधीक्षक, परिवहन विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में विशेष रूप से ट्रैफिक चालान मामलों के अधिक से अधिक निष्पादन तथा बड़ी संख्या में आने वाले पक्षकारों की सुविधाओं और व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने विचार-विमर्श किया कि अधिक भीड़ की स्थिति में लोगों की उपस्थिति को किस प्रकार व्यवस्थित और नियंत्रित किया जाए तथा उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। बैठक के दौरान लोक अदालत के लिए बेंचों की संख्या, काउंटरों की व्यवस्था, सहायता केंद्र, पेयजल, चिकित्सीय सुविधा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम ने आशा जताई कि इस बार राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन होगा।

जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने भी आम लोगों से राष्ट्रीय लोक अदालत में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर ने बताया कि इस बार राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए कुल 13 बेंचों का गठन किया गया है। ट्रैफिक चालान मामलों के निष्पादन के लिए विशेष रूप से तीन अलग बेंच बनाई गई हैं। इसके अलावा कई सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए हैं, जहां पक्षकारों को लोक अदालत एवं संबंधित बेंचों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया है। इसके लिए प्रचार वाहन, इलेक्ट्रॉनिक माध्यम, समाचार माध्यम और सामाजिक माध्यमों का सहारा लिया गया है। साथ ही बैनर, पंपलेट और होर्डिंग के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। लोक अदालत में आने वाले पक्षकारों की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सीय सहायता, ध्वनि प्रसारण व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विशेष इंतजाम किया गया है।