पटना के तस्कर का लखीसराय में भंडाफोड़: भारी मात्रा में विदेशी शराब, मोटरसाइकिल और चुलाई सामग्री जब्त
- Post By Admin on Oct 03 2026
लखीसराय : जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से मद्य निषेध थाना पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर शराब तस्करों और सेवन करने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की है। 2 अक्टूबर 2026 को जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार, पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 2100 लीटर से अधिक विदेशी शराब, भारी मात्रा में देसी चुलाई शराब, जावा महुआ और एक मोटरसाइकिल जब्त करते हुए कुल सात लोगों पर कानूनी शिकंजा कसा है।
कार्रवाई के दौरान सबसे बड़ी सफलता लखीसराय थाना क्षेत्र के विद्यापीठ इलाके से मिली, जहां से पटना जिले के दुल्हिन बाजार थाना अंतर्गत पंसारी भरतपुरा निवासी नीरज कुमार, पिता- रामप्रताप यादव को डाक पार्सल के माध्यम से लाई गई 2108.160 लीटर विदेशी शराब की खेप के साथ गिरफ्तार किया गया।
इसके अतिरिक्त, कवैइया थाना क्षेत्र स्थित किउल बस्ती, वार्ड संख्या 20 में छापेमारी कर पुलिस ने 22 लीटर चुलाई शराब के साथ स्थानीय निवासी चामुनी देवी को पकड़ा। वहीं, चानन थाना क्षेत्र के कछुआ कोड़ासी जंगल में की गई घेराबंदी में 10 लीटर चुलाई शराब और एक मोटरसाइकिल बरामद करते हुए कैलु कोड़ा और जेहल बिन्द नामक दो धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया। लखीसराय थाना अंतर्गत गंगटा बाद में भी पुलिस ने छापेमारी की, जहां से ममता देवी के पास से 10 लीटर चुलाई शराब तथा 22 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया।
शराब तस्करी के खिलाफ इस अभियान के अलावा पुलिस ने शराब का सेवन करने वालों पर भी नकेल कसी। लखीसराय नगर क्षेत्र के इंगलिश मोहल्ला, वार्ड संख्या 04 से मो. शहजाद तथा संतर मोहल्ला, वार्ड संख्या 13 से मुकेश कुमार को शराब पीने के आरोप में पकड़ा गया। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।