लखीसराय : संभावित बाढ़ 2026 को लेकर लखीसराय जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बाढ़ से निपटने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी को सभी प्रखंडों में वर्षा मापक यंत्र को कार्यशील रखने का निर्देश दिया गया। वहीं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को दिव्यांगजन, निराश्रित, बीमार व्यक्तियों, बच्चों, वृद्धजनों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की सूची तैयार करने को कहा गया, ताकि आपदा की स्थिति में उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके। सिविल सर्जन को संभावित बाढ़ के मद्देनजर आवश्यक दवाओं, ब्लीचिंग पाउडर तथा चलंत चिकित्सा दल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा लोक स्वास्थ्य प्रमंडल को सभी खराब चापाकलों की मरम्मत कराने को कहा गया। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, भागलपुर को सभी तटबंधों का निरीक्षण कर आवश्यक मात्रा में बालू से भरे आपदा बैग का भंडारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं संबंधित अंचल अधिकारियों को सरकारी नावों की मरम्मत कराने तथा अधिक से अधिक निजी नावों का निबंधन कर नाव मालिकों के साथ एकरारनामा करने को कहा गया।

प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक रसोई एवं बाढ़ शरण स्थलों के चयनित स्थानों पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक आंकड़ों का संधारण कर आपदा पोर्टल को अद्यतन रखने के लिए कहा गया। जिला कृषि पदाधिकारी को आकस्मिक फसल योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है। वहीं जिले के सभी आपदा मित्रों और नाविकों को बाढ़ से बचाव एवं राहत कार्यों के लिए प्रशिक्षित करने की बात कही गई।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।