आग से बचाव को लेकर सदर अस्पताल में मॉक ड्रिल, कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

  • Post By Admin on May 07 2026
आग से बचाव को लेकर सदर अस्पताल में मॉक ड्रिल, कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

लखीसराय : अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर बिहार अग्निशमन सेवा द्वारा सदर अस्पताल लखीसराय में गुरुवार को अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव के निर्देशन में आयोजित हुआ।

इस वर्ष अग्नि सुरक्षा सप्ताह का विषय “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज – आग की रोकथाम के लिए एक साथ” रखा गया है। कार्यक्रम के दौरान अग्निकांड की स्थिति में क्या करें और क्या नहीं करें, इसकी विस्तृत जानकारी दी गई। मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन दल ने आग लगने की स्थिति में बचाव कार्य, अलार्म व्यवस्था, सुरक्षित निकासी प्रक्रिया तथा गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति से निपटने का प्रदर्शन किया। साथ ही बिजली शॉर्ट सर्किट और गैस सिलेंडर से होने वाली आग से सुरक्षा के उपायों की जानकारी भी दी गई। अग्निशमन उपकरणों के उपयोग और संचालन का प्रशिक्षण भी उपस्थित लोगों को दिया गया।

कार्यक्रम में अस्पताल के महिला एवं पुरुष कर्मी, चिकित्सक, सुरक्षा कर्मी, जीविका दीदी और आमजन शामिल हुए। अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी द्वारा अस्पताल परिसर में लगाए गए अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण भी किया गया तथा अस्पताल प्रशासन को आवश्यक सुझाव दिए गए। इस दौरान उपस्थित लोगों के बीच अग्नि सुरक्षा से संबंधित पंपलेट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अमित कुमार, अस्पताल प्रबंधक किशोर कुमार सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

अग्निशमन प्रशिक्षण दल में अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी विनिता लता, अग्निशमन उपाधीक्षक मुन्ना कुमार, प्रधान अग्निक संदीप कुमार पंडित तथा अन्य अग्निकर्मी शामिल रहे। अग्निशमन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अग्निकांड की स्थिति में तुरंत 101 अथवा 112 पर संपर्क करें।