लखीसराय : लखीसराय पुलिस ने शुक्रवार की रात एसटीएफ, एसएसबी और जिला पुलिस बल के संयुक्त अभियान में पांच सालों से फरार नक्सली को गिरफ्तार किया। एसपी अजय कुमार को गुप्त सूचना मिलने के बाद एएसपी अभियान मोतीलाल के नेतृत्व में टास्क फोर्स का गठन किया गया जिसने कजरा थाना क्षेत्र के बरमसिया जंगल में छापेमारी कर वांछित नक्सली प्रकाश कोड़ा को पकड़ा।
बता दे कि प्रकाश कोड़ा बरमसिया निवासी गरभू कोड़ा का पुत्र है। साथ ही, वह नक्सली टुनटुन कोड़ा का सक्रिय सहयोगी रहा है। वह नक्सलियों को रसद और अन्य सामग्रियां पहुंचाने के साथ-साथ पुलिस और सुरक्षा बलों की गतिविधियों की जानकारी नक्सलियों तक पहुंचाता था। इस पर कजरा थाना कांड संख्या 98/20 के तहत मामला दर्ज था।
2020 में जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना के नौवाडीह तेतरिया गांव के मोनू कुमार को बरमसिया जंगल से गिरफ्तार किया गया था। उस समय पुलिस ने नक्सली रसीद, विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान बरामद किए थे लेकिन प्रकाश कोड़ा भागने में सफल रहा था।
गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एएसपी अभियान ने इसे सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी सफलता बताया और कहा कि यह कार्रवाई नक्सली गतिविधियों को नियंत्रित करने में मददगार होगी।




















