धर्मपुर पेट्रोल पंप के पास तीन वाहनों की भिड़ंत, युवक की मौत के बाद NH-22 जाम

  • Post By Admin on Aug 22 2026
धर्मपुर पेट्रोल पंप के पास तीन वाहनों की भिड़ंत, युवक की मौत के बाद NH-22 जाम

मुजफ्फरपुर: रामपुरहरी थाना क्षेत्र के एनएच-22 स्थित धर्मपुर पेट्रोल पंप के समीप भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार हाइवा और दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर के बाद हुआ।

जानकारी के अनुसार हाइवा मुजफ्फरपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक मुजफ्फरपुर और दूसरी बाइक सीतामढ़ी की दिशा में जा रही थी। धर्मपुर पेट्रोल पंप के पास तीनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रामपुरहरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए एसकेएमसीएच भेजा। मृतक की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां पंचायत अंतर्गत मरहल्ला निवासी 30 वर्षीय अरुण राय के रूप में हुई है। घायलों की पहचान उसी गांव के पुकार सहनी और विशाल कुमार के रूप में की गई है।

हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर एनएच-22 को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और सड़क जाम समाप्त कराया। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया। रामपुरहरि थानाध्यक्ष अंजली कुमारी ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।