पर्वतारोही कबक यानो ने माउंट एल्ब्रुस फतह कर रचा इतिहास, राज्यपाल ने दी बधाई

  • Post By Admin on Aug 17 2025
पर्वतारोही कबक यानो ने माउंट एल्ब्रुस फतह कर रचा इतिहास, राज्यपाल ने दी बधाई

ईटानगर : अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल के.टी. परनाइक (सेवानिवृत्त) ने पर्वतारोही कबक यानो को रूस की और यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस पर सफल चढ़ाई करने पर बधाई दी है।

राजभवन के अनुसार, यानो ने 16 अगस्त को सुबह 5.20 बजे (रूसी समयानुसार) इस शिखर को फतह किया। राज्यपाल ने उन्हें सेवन समिट्स चैलेंज के लिए रवाना किया था और उनके साहस तथा संकल्प पर गर्व व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वह मिशन को सफलतापूर्वक पूरा करेंगी। लेफ्टिनेंट जनरल परनाइक ने कहा कि यह उपलब्धि अरुणाचल की सच्ची भावना को दर्शाती है और विशेषकर युवतियों को चुनौती स्वीकारने और धैर्य बनाए रखने की प्रेरणा देती है।

माउंट एल्ब्रुस, कॉकस पर्वत श्रृंखला में स्थित 18,510 फीट ऊंचा सुप्त ज्वालामुखी है, जो यूरोप की सबसे ऊंची चोटी और यूरेशिया का सर्वोच्च ज्वालामुखी माना जाता है। यह चढ़ाई सेवन समिट्स चैलेंज का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर विजय शामिल है।

कबक यानो इससे पहले 4 अगस्त को अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर भी सफल रही थीं। 26 वर्षीय यानो का जन्म 5 सितंबर 1999 को अरुणाचल प्रदेश में हुआ था। उन्होंने 21 मई 2024 को माउंट एवरेस्ट फतह कर इतिहास रच दिया था, और वह अरुणाचल प्रदेश की पांचवीं महिला और न्याशी समुदाय की पहली महिला बनीं, जिन्होंने एवरेस्ट पर विजय हासिल की।