अरुणाचल में भारी बारिश का कहर, भूस्खलन से तवांग-थिंगबू मार्ग बाधित
- Post By Admin on Jul 16 2026
तेजपुर : अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हुए भीषण भूस्खलन से तवांग-थिंगबू मार्ग पर आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है। जिला प्रशासन ने लोगों से इस मार्ग पर गैर-जरूरी यात्रा से बचने और मौसम सामान्य होने तक सतर्क रहने की अपील की है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, न्यू मालिंग क्षेत्र के पास भारी चट्टानें गिरने और मलबा जमा होने से सड़क पर तीन बड़े अवरोध बन गए हैं। इससे मार्ग पर आवाजाही असुरक्षित हो गई है। यह सड़क अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट मागो और बांकरला क्षेत्रों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग होने के साथ-साथ प्रमुख पर्यटन मार्ग भी है। प्रशासन के अनुसार, सड़क बहाली का कार्य बुधवार सुबह शुरू किया गया। राहत एवं मरम्मत टीमों ने शाम तक मलबा हटाकर मार्ग को अस्थायी रूप से यातायात के लिए खोल दिया। हालांकि लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए दोबारा भूस्खलन और सड़क बंद होने का खतरा बना हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में कई बड़े पत्थर अब भी अस्थिर स्थिति में हैं, जिन्हें पूरी तरह हटाया नहीं जा सका है। सोमवार से लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण तवांग के ऊपरी इलाकों से संपर्क प्रभावित हुआ है और भारी वाहनों की आवाजाही भी बाधित है, जिससे स्थानीय लोगों और परिवहन सेवाओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे विशेषकर भारी बारिश के दौरान इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें। यदि यात्रा आवश्यक हो तो पूरी सावधानी बरतें, मार्ग पर तैनात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें और यात्रा से पहले प्रशासन द्वारा जारी ताजा एडवाइजरी की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। प्रशासन ने यह भी कहा है कि सड़क बहाली की टीमें हाई अलर्ट पर हैं और चौबीसों घंटे स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। लोगों से सहयोग करने और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की गई है।