वोटर अधिकार यात्रा सिर्फ नौटंकी, चोर-चोर मौसेरे भाई आपस में मिले : सम्राट चौधरी

  • Post By Admin on Aug 17 2025
वोटर अधिकार यात्रा सिर्फ नौटंकी, चोर-चोर मौसेरे भाई आपस में मिले : सम्राट चौधरी

पटना : बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विधानसभा में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव की 'वोटर अधिकार यात्रा' पर तीखा हमला करते हुए इसे नौटंकी करार दिया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के जरिए 'चोर-चोर मौसेरे भाई' आपस में मिलकर अपने-अपने हित साधने की कोशिश कर रहे हैं। सम्राट ने आरोप लगाया कि एक परिवार ने देश को लूटा, जबकि दूसरा परिवार बिहार को लूटने में लगा रहा।

भाजपा प्रदेश कार्यालय पटना में आयोजित प्रेस वार्ता में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी एसआईआर के माध्यम से वोट चोरी का मुद्दा उठाकर और तेजस्वी यादव 'जननायक' बनने की कोशिश करके जनता को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार के असली जननायक कर्पूरी ठाकुर और जेपी थे, जबकि राहुल गांधी बिना मेहनत के जननायक बनने का दावा कर रहे हैं, जो बिहार के लिए हंसी का विषय है।

सम्राट चौधरी ने लालू यादव और उनके परिवार पर भी निशाना साधा, कहा कि समाज में सामाजिक न्याय अभी पूरी तरह स्थापित नहीं हुआ है और जो लोग लालू यादव को सामाजिक न्याय का प्रतीक मानते हैं, असल में वे भ्रष्टाचार का प्रतीक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की यात्रा घुसपैठियों के समर्थन में की जा रही है, और इसे बिहार की जनता भलीभांति समझती है।

उप मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग की प्रक्रिया की भी ओर इशारा किया और कहा कि 15 दिनों तक ऑब्जेक्शन लिए जाएंगे, इसके बाद ही स्क्रूटनी पूरी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद और कांग्रेस देश में अराजकता और गुंडागर्दी फैलाकर भ्रष्टाचारियों की सरकार स्थापित करना चाहते हैं और संविधान के प्रति उनका कोई विश्वास नहीं है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के गरीब और पिछड़ेपन के लिए कांग्रेस और लालू परिवार जिम्मेदार हैं और जनता चुनाव आयोग की समीक्षा को देख रही है।