बिहार में मॉनसून सक्रिय, 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
- Post By Admin on Jun 13 2026
पटना : बिहार में मॉनसून की एंट्री के साथ मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। राज्य के कई जिलों में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है, जबकि अन्य क्षेत्रों में प्री-मॉनसून गतिविधियां जारी हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने शनिवार को पूरे बिहार के लिए अलर्ट जारी करते हुए तेज आंधी-तूफान, बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, वैशाली और समस्तीपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सीवान, बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान में राज्य के लगभग आधे हिस्से में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मॉनसून की प्रगति को देखते हुए अगले दो से तीन दिनों के भीतर पूरे बिहार में व्यापक बारिश होने की संभावना है। जिन 17 जिलों में मॉनसून पहुंच चुका है उनमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, बांका, बेगूसराय, लखीसराय, खगड़िया, मुंगेर और भागलपुर शामिल हैं।
पटना में दिनभर छाए रहेंगे बादल
राजधानी पटना में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहने और कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका जताई है। बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
भभुआ रहा सबसे गर्म जिला
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को भभुआ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा डेहरी में 38.8 डिग्री, औरंगाबाद में 37.6 डिग्री, गया में 37.5 डिग्री, शेखपुरा में 36.9 डिग्री, छपरा में 36.8 डिग्री, राजगीर में 36 डिग्री, पटना में 35.6 डिग्री, जीरादेई में 35.7 डिग्री, जहानाबाद में 35.4 डिग्री तथा अरवल में 35.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।