मजदूरी बढ़ाने और काम की गारंटी को लेकर डुमरी पंचायत में मजदूरों का धरना

  • Post By Admin on May 21 2026
मजदूरी बढ़ाने और काम की गारंटी को लेकर डुमरी पंचायत में मजदूरों का धरना

मुजफ्फरपुर : मनरेगा संघर्ष मोर्चा एवं ग्राम विचार मंच के बैनर तले डुमरी पंचायत में मनरेगा मजदूरों ने प्रदर्शन कर धरना दिया। विभिन्न पंचायतों से पहुंचे सैकड़ों महिला एवं पुरुष मजदूरों ने मनरेगा योजना को पूर्ववत बहाल करने, साल में 200 दिन रोजगार और प्रतिदिन 700 रुपए मजदूरी देने की मांग उठाई।

धरना-सभा की अध्यक्षता संजू देवी ने की, जबकि संचालन ग्राम विचार मंच के संतोष ठाकुर ने किया। सभा को संबोधित करते हुए संतोष ठाकुर ने कहा कि डुमरी, मणिका, विषणपुर चांद और बैकटपुर पंचायतों के मनरेगा मजदूर अपनी मांगों को लेकर एकजुट हुए हैं। सभा में भाकपा माले नेताओं शत्रुघ्न सहनी एवं नीलकमल ने केंद्र सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि नई व्यवस्था लागू कर मनरेगा योजना को समाप्त करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मनरेगा को पूर्ववत लागू रखने और कथित “बीबी जी रामजी” कानून को रद्द करने की मांग की। साथ ही सभी पंचायतों में मजदूरों को नियमित काम उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।

शांति सेना मुजफ्फरपुर के संयोजक सोनू सरकार ने महिलाओं को संविधान के अधिकारों एवं समानता के सिद्धांतों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान सभी नागरिकों को समान अवसर, धार्मिक स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकार प्रदान करता है। राष्ट्र सेवा दल के पूर्व महामंत्री शाहिद कमाल ने संगठन के इतिहास और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को अनुशासन, देशसेवा और राष्ट्रीय एकता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संगठन सामाजिक सद्भाव और जन-जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। महाराष्ट्र से आए आकाश इंगले एवं शुभम चोगेल ने गीत और नारों के माध्यम से संविधान की मूल भावना को लोगों तक पहुंचाया। वहीं सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन के सचिव एवं लोक कलाकार सुनील कुमार ने गीतों के जरिए लोगों को संविधान पढ़ने और समझने के लिए जागरूक किया।

धरना कार्यक्रम में महेंद्र राम, सुदामा देवी, सुरजी देवी, फेकनी देवी, मीना देवी, मंजु देवी, सोनी देवी, रानी देवी, शांति देवी, शैल देवी, शकला देवी, मंगर बैठा, कृष्णा देवी, सुरेश राम, रंजु देवी और पिंकी देवी समेत बड़ी संख्या में मनरेगा मजदूर मौजूद रहे। अंत में संतोष ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापन किया।