सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए जनजातीय क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित
- Post By Admin on May 21 2026
लखीसराय : जनजातीय गरिमा उत्सव के अवसर पर सूर्यगढ़ा प्रखंड के छह जनजातीय टोला में 21 मई से 23 मई तक विशेष जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बुधवार को पहले दिन राजघाटकोल एवं कोडासी गांव में कैंप लगाकर जनजातीय समुदाय की समस्याएं सुनी गईं तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही जरूरतमंद लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।राजघाटकोल कैंप में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को कैंप प्रभारी बनाया गया था, जबकि कोडासी में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ने शिविर की जिम्मेदारी संभाली।
अधिकारियों ने बताया कि जनजातीय समुदाय तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत 22 मई को चौरा एवं विशुनपुर में जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे।