ज्ञान भारतम् मिशन में सुस्ती पर जिलाधिकारी सख्त, लापरवाह अधिकारियों को चेतावनी
- Post By Admin on May 04 2026
लखीसराय : जिले की सांस्कृतिक धरोहरों और प्राचीन ज्ञान परंपरा को सहेजने के लिए संचालित ज्ञान भारतम् मिशन की सुस्त रफ्तार पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार ने आज समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी और सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ मिशन की प्रगति की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि अन्य जिलों की तुलना में लखीसराय में पांडुलिपियों और सांस्कृतिक सामग्रियों के अपलोड की संख्या काफी कम है। अपेक्षित लक्ष्य प्राप्त न होने पर जिलाधिकारी ने गहरा असंतोष व्यक्त किया और संबंधित अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण मिशन में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों में स्थित मठों, मंदिरों और अन्य सांस्कृतिक-धार्मिक संस्थानों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाए। इन स्थानों पर मौजूद दुर्लभ पांडुलिपियों और ऐतिहासिक धरोहरों को चिह्नित कर उनका अविलंब डिजिटलीकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, उन्होंने गैर-सरकारी संगठनों और सांस्कृतिक वस्तुओं के संरक्षकों को भी इस अभियान का हिस्सा बनाने पर विशेष बल दिया।
बैठक में मिशन की सफलता के लिए जिलाधिकारी ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। अब प्रत्येक प्रखंड विकास पदाधिकारी को अपने क्षेत्र के मठों, मंदिरों और संस्थानों की अद्यतन सूची उनके पदाधिकारियों के नाम और संपर्क विवरण सहित तत्काल उपलब्ध करानी होगी। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक प्रखंड से कम से कम 5 दुर्लभ पांडुलिपियों का पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि इन कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी ताकि लखीसराय जिला रैंकिंग में सुधार कर सके।
ज्ञान भारतम् मिशन भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है जिसका मूल उद्देश्य देश की प्राचीन ज्ञान-परंपरा और दुर्लभ पांडुलिपियों का संरक्षण करना है। इस मिशन के जरिए विभिन्न क्षेत्रों में बिखरी हुई ऐतिहासिक ज्ञान-सामग्री को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित किया जाना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी समृद्ध संस्कृति से जुड़ी रह सकें। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को मिशन मोड में काम करने को कहा है ताकि लखीसराय की सांस्कृतिक विरासत को डिजिटल रूप से सुरक्षित किया जा सके।