कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद उन्हें भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया है, जिसके साथ ही मुख्यमंत्री बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया।
कोलकाता में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सहायक पर्यवेक्षक के तौर पर शामिल हुए। बैठक में भाजपा के विजयी 207 विधायकों ने सर्वसम्मति से शुभेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लगाई। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आज कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इसे भाजपा के लिए ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है।
शुभेंदु अधिकारी पिछले कई दिनों से मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे थे। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को हराकर राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं। वहीं इस बार भी उन्होंने भवानीपुर में टीएमसी को कड़ी चुनौती देकर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत कर ली। भाजपा सूत्रों के अनुसार, नई सरकार में अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों को भी जगह दी जाएगी। साथ ही महिला और अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के नेताओं को मंत्रिमंडल में प्रमुख स्थान मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री पद संभालने से पहले शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह सिर्फ उनकी सरकार नहीं होगी, बल्कि सभी कार्यकर्ताओं और जनता की सरकार होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने घोषणापत्र में किए गए हर वादे को तय समय सीमा के भीतर पूरा करेगी और “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र पर आगे बढ़ेगी। बंगाल की राजनीति में यह बदलाव राज्य के सियासी समीकरणों को पूरी तरह बदलने वाला माना जा रहा है। अब सभी की नजर नई सरकार के गठन और उसके फैसलों पर टिकी हुई है।




















