लखीसराय में सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान 200 से अधिक वाहनों की जांच, 43 के काटे चालान
- Post By Admin on Oct 09 2026
लखीसराय : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए लखीसराय में परिवहन विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान करीब 200 से 300 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 43 वाहन चालकों के खिलाफ चालान काटते हुए कुल 1,01,500 रुपए का जुर्माना वसूल किया गया।
परिवहन विभाग के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में नाबालिगों द्वारा टोटो और ऑटो चलाने के मामलों की जांच पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके लिए रेलवे स्टेशन और विद्यापीठ चौक पर वाहनों की जांच की गई। वहीं, दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के लिए डीएवी मोड़ से बाईपास टोल तक विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट इस्तेमाल और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने की स्थिति की पड़ताल की गई। इसके अलावा ट्रैक्टरों के जरूरी कागजातों की जांच की गई और बसों की छतों पर यात्रियों को बैठाकर ले जाने जैसे नियम विरुद्ध मामलों पर भी नजर रखी गई। वाहनों की निर्धारित गति सीमा का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी भी जांच की गई।
परिवहन विभाग की टीम ने अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की। विभाग का उद्देश्य वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लापरवाही से वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना है। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल, वाहन चलाने के लिए निर्धारित आयु सीमा का पालन तथा वाहनों के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने पर जोर दिया गया। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को सख्त संदेश देने का प्रयास किया गया है।