सावन की तीसरी सोमवारी पर अशोकधाम में भगदड़, 7 महिला श्रृद्धालुओं की गई जान

  • Post By Admin on Aug 17 2026
सावन की तीसरी सोमवारी पर अशोकधाम में भगदड़, 7 महिला श्रृद्धालुओं की गई जान

लखीसराय : सावन की तीसरी सोमवारी पर लखीसराय के प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने से सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब 19 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने सात मौतों की पुष्टि की है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब साढ़े छह बजे मंदिर परिसर से लगभग 400 मीटर पश्चिम और अशोकधाम रेलवे हॉल्ट के समीप हुआ। सावन की तीसरी सोमवारी होने के कारण सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया और प्रवेश मार्ग पर लगी बैरिकेडिंग टूट गई।बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक बिजली का पोल गिर गया। इसके बाद मौके पर करंट फैलने की अफवाह तेजी से फैल गई, जिससे श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। अफरा-तफरी के बीच कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर गए। हालांकि प्रशासन की ओर से सामने आई जानकारी के मुताबिक उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी और घटना की वास्तविक परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार के अनुसार, तीसरी सोमवारी को लेकर प्रशासन की ओर से तड़के करीब 3:30 बजे से ही व्यवस्था संभाली जा रही थी। इसी बीच दो ट्रेनों के एक साथ रुकने से श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बढ़ गई और पहले से मौजूद भीड़ के बीच दबाव की स्थिति बन गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जिलाधिकारी अस्पताल में और पुलिस अधिकारी मंदिर परिसर में स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

हादसे में जान गंवाने वाली श्रद्धालुओं की पहचान सरोज देवी, मणिमाला देवी, हेमलता देवी, सावित्री देवी, सविता देवी, ललिता देवी और रिंकू देवी के रूप में बताई गई है। इनमें कई श्रद्धालु लखीसराय और आसपास के इलाकों की रहने वाली थीं। हादसे के बाद घटना की जांच को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बिहार सरकार के मंत्री और लखीसराय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।अशोकधाम स्थित श्री इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर में सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। तीसरी सोमवारी के अवसर पर हुई इस घटना ने धार्मिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।