सावन के तीसरे सोमवार महाकाल में भारी भीड़, हरसिद्धि मंदिर के पास मची अफरातफरी
- Post By Admin on Aug 17 2026
उज्जैन : सावन के तीसरे सोमवार को महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। इसी दौरान हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में अचानक भीड़ का दबाव बढ़ने से भगदड़ जैसे हालात बन गए। इस घटना में कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई, जबकि कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए प्रभावित श्रद्धालुओं को भीड़ से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के दौरान कुछ समय के लिए इलाके में अफरातफरी की स्थिति बनी रही।
सावन के तीसरे सोमवार के चलते महाकाल मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इसके अलावा वर्ष में केवल एक बार खुलने वाले नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए भी बड़ी संख्या में भक्त उज्जैन पहुंचे थे। इसी वजह से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़ काफी बढ़ गई थी।
हालांकि, मंदिर प्रबंध समिति ने मंदिर में अफरातफरी और व्यापक अव्यवस्था से जुड़ी कुछ मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पर प्रसारित दावों को भ्रामक बताया है। समिति की ओर से स्थिति को लेकर वास्तविक घटनाक्रम स्पष्ट किए जाने की बात कही गई है।