लखीसराय : जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को लेकर लखीसराय के ऐतिहासिक अशोक धाम में रुद्राभिषेक और पूजा-पाठ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लखीसराय और सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के जन सुराज नेताओं ने शिवलिंग पर रुद्राभिषेक कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

जन सुराज नेताओं ने बताया कि प्रशांत किशोर को आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है। यह खबर सुनकर सभी कार्यकर्ता चिंतित हैं। उन्होंने कहा, "प्रशांत किशोर जी का संघर्ष और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। वह बिहार के युवाओं और जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए लगातार कार्य कर रहे थे। उनके स्वास्थ्य को लेकर हम सभी भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं।"

जन सुराज नेताओं ने भावुक होकर कहा कि प्रशांत किशोर जैसा समर्पित नेता दुर्लभ है। उनकी हिम्मत और संकल्प हम सभी के दिलों में गूंजता है। सभी ने भगवान से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और देश के लिए उनकी अहमियत पर जोर दिया।

इस मौके पर जन सुराज के संस्थापक सदस्य शिवदानी शर्मा, महेश यादव, सुरेश प्रसाद, अवधेश यादव, अनूप यादव, सौरभ कुमार, पिंटू सिंह, लाभानंद, पवन कुमार सिंह और हेमंत कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।