समाज की जागरूकता हेतु हर दिन मंदिर जाकर पूजा करें हिंदू : संजय कुमार सिंह
- Post By Admin on Nov 04 2024

लखीसराय : जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड में रविवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल की नगर और प्रखंड कमिटी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विहिप के प्रांत सह मंत्री संजय कुमार सिंह ने की, जिसमें संगठन के सभी प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस बैठक का उद्देश्य हिंदू समाज को जागरूक करना और संगठन को मजबूत बनाना था।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में संजय कुमार सिंह ने कहा कि हिंदू समाज को जागरूक करना चाहते हैं तो हर व्यक्ति को प्रतिदिन मंदिर जाकर पूजा करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि ऐसा करने से समाज में मेल-जोल बढ़ेगा और एकता को बल मिलेगा। उन्होंने कहा, "हमें 'मैं' नहीं 'हम' की भावना अपनानी होगी।"
जिला संयोजक सोनू पटेल ने बैठक में सेवा, सुरक्षा और संस्कार के महत्व पर प्रकाश डाला। गौ रक्षा प्रमुख पंकज कुमार ने हिंदू समाज के लोगों को नियमित रूप से मंदिर में पूजा करने के लिए प्रेरित किया। वहीं बड़हिया प्रखंड गौ रक्षा प्रमुख ओंकार कुमार ने मंदिर की रक्षा और हिंदू समाज में जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।
बैठक के दौरान बजरंग दल संगठन का विस्तार करते हुए नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। नगर सह-संयोजक के रूप में राजन कुमार, नगर गौरक्षा प्रमुख के रूप में अभय कुमार, नगर सुरक्षा प्रमुख अमित कुमार, नगर मिलन केंद्र प्रमुख चंदन कुमार पाण्डेय और नगर बलोपासना केंद्र प्रमुख के रूप में गोपाल आनंद को दायित्व दिए गए। इसके साथ ही सूर्यगढ़ा प्रखंड में भी पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई, जिसमें शशि भूषण को प्रखंड संयोजक, कृष्ण पटेल को प्रखंड सह-संयोजक, नंदन कुमार को प्रखंड गौ रक्षा प्रमुख, अमरजीत को प्रखंड सुरक्षा प्रमुख और मनीष कुमार को प्रखंड विद्यार्थी प्रमुख नियुक्त किया गया।
बैठक में गणेश सिंह, रोहित कुमार, राधे श्याम कुमार, राम भक्त अमन, महेंद्र कुमार, अभिषेक कुमार, मनीष पांडेय और विशाल कुमार समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।