डीएवी स्कूल में नारायण दास ग्रोवर जयंती पर हवन और प्रार्थना सभा का आयोजन
- Post By Admin on Nov 16 2024

लखीसराय : डीएवी पब्लिक स्कूल में शनिवार को महात्मा नारायण दास ग्रोवर की जयंती के उपलक्ष्य में हवन, प्रार्थना सभा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. निरंजन कुमार ने यजमान के रूप में हवन-यज्ञ की शुरुआत की। प्रार्थना सभा में महात्मा ग्रोवर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और दीप प्रज्वलित किया गया। छात्राओं ने सामूहिक रूप से "वैष्णव जन तो तेरे कहिए" भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्ति-मय बना दिया। इस अवसर पर शिक्षकों ने महात्मा नारायण दास ग्रोवर के प्रेरणादायक जीवन और उनके शिक्षा व समाज सेवा के योगदान पर प्रकाश डाला।
प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा ग्रोवर ने बिहार-झारखंड सहित देश के कई हिस्सों में शिक्षा का प्रचार-प्रसार किया और डीएवी संस्थानों की स्थापना की। उन्होंने नेत्रालय, वैदिक बाल आश्रम और महिलाओं की शिक्षा के लिए कई सेवा कार्य शुरू किए। कार्यक्रम में बाल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित खेल प्रतियोगिता के विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में एन.आर. नायक, सुनील कुमार, अशोक सिन्हा, संतोष रावत और दिलीप राय जैसे प्रमुख लोग उपस्थित रहे।