स्काउट-गाइड शिविर में छात्राओं ने सीखे नेतृत्व, प्राथमिक उपचार और समाजसेवा के गुण

  • Post By Admin on May 11 2026
स्काउट-गाइड शिविर में छात्राओं ने सीखे नेतृत्व, प्राथमिक उपचार और समाजसेवा के गुण

लखीसराय : नगर परिषद क्षेत्र स्थित प्लस टू परियोजना बालिका उच्च विद्यालय में आयोजित पांच दिवसीय बिहार राज्य भारत स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को रंगारंग कार्यक्रम के साथ समापन हो गया। समापन समारोह में छात्राओं का उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति की भावना आकर्षण का केंद्र रही। पूरे विद्यालय परिसर में सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला।

समारोह के मुख्य अतिथि स्काउट-गाइड के उपाध्यक्ष सह रेड क्रॉस सोसायटी के जिला अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ रामानुजन प्रसाद सिंह ने कहा कि स्काउट-गाइड का प्रशिक्षण बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव तैयार करता है। इससे बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और समाजसेवा की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को केवल किताबों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें जीवन कौशल और आपदा प्रबंधन की जानकारी भी होनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं को प्राथमिक उपचार और सीपीआर की विस्तृत जानकारी देते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में घायल व्यक्ति की जान बचाने के व्यावहारिक तरीके भी बताए। छात्राओं ने पूरे उत्साह और गंभीरता के साथ प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लिया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में स्काउट-गाइड कार्यकारिणी सदस्य सह जिला कब आयुक्त एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष अरविंद कुमार भारती तथा जिला स्काउट डीओसी मृत्युंजय कुमार मौजूद रहे। अतिथियों के आगमन पर छात्राओं ने पुष्पवर्षा, तिलक-चंदन और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ भव्य स्वागत किया। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से हुई। इसके बाद नव्या ग्रुप की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए शिविर की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं मंच संचालन शिक्षक प्रेमरंजन कुमार ने किया। शिविर प्रधान अमृता सिंह एवं सहयोगी अनुराग आनंद की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। समारोह के अंत में प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। स्काउट-गाइड की प्रतिज्ञा दोहराने और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में रवि कुमार, अनिल कुमार, प्रियंका कुमारी, पुष्पा कुमारी, सिवंतिका कुमारी, फौजिया सुल्तान सहित कई लोग उपस्थित रहे।