पूर्व मंत्री ने भटौना के अग्नि पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण

  • Post By Admin on Nov 04 2024
पूर्व मंत्री ने भटौना के अग्नि पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण

मुजफ्फरपुर : राज्य के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अजीत कुमार ने रविवार को भटौना मल्लाह टोली के अग्नि पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया। दीपावली की रात भटौना गांव के सहनी टोला में अचानक आग लगने से कई परिवारों की झोपड़ियाँ जलकर राख हो गई थीं। इस घटना में मुन्ना सहनी और सुरेश सहनी सहित कई अन्य परिवारों का सब कुछ खाक हो गया, जबकि कुछ पशुओं की भी मौत हुई।

अग्निकांड के तीन दिन बीत जाने के बाद भी सरकारी सहायता नहीं मिलने पर पूर्व मंत्री अजीत कुमार ने गहरी चिंता और नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर ही अंचलाधिकारी से बात की और 24 घंटे के अंदर सरकारी राहत सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे कठिन समय में तत्परता से सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।

छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए, पूर्व मंत्री अजीत कुमार ने पीड़ित परिवारों को जरूरी सामग्री प्रदान की, जिसमें धोती, साड़ी, लूंगी, गंजी, गमछा, कंबल, और चावल शामिल थे। राहत सामग्री पाकर परिवारों ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद शमीम, अर्जुन सहनी, मनोज सहनी, रामचंद्र सहनी, देवेंद्र सहनी, शंकर पंडित, रामजी सहनी, फौजदार सहनी, नागेश्वर सहनी, भुवनेश्वर सहनी, राजगीर सहनी, मुन्ना सहनी, अंकित कुमार, राम एकबाल सहनी और जुड़ी सहनी सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे।