मुजफ्फरपुर : भाकपा-माले की टीम ने पूर्व विधायक प्रत्याशी और आरवाईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष आफताब आलम के नेतृत्व में औराई प्रखंड के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। दौरे के दौरान आफताब आलम ने कहा कि बागमती नदी के तटबंधों के टूटने के कारण औराई प्रखंड की कई पंचायतों में बाढ़ का पानी घुस गया है, जिससे हजारों एकड़ फसल नष्ट हो गई है और कई गांवों में लोग गंभीर संकट में हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा अब तक कोई राहत सामग्री नहीं पहुंचाई गई है। स्थानीय विधायक और सांसद भी इस स्थिति में कहीं नजर नहीं आ रहे हैं, और अंचलाधिकारी से संपर्क करने पर भी कोई उत्तर नहीं मिल रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोग ऊंचे स्थानों पर पलायन कर रहे हैं और उन्हें अब तक सरकार की ओर से किसी तरह की राहत सामग्री नहीं मिल पाई है।
आफताब आलम ने जिला प्रशासन पर राहत सामग्री न पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन केवल खानापूर्ति कर रहा है और उनकी सक्रियता की कमी के कारण पीड़ितों तक राहत नहीं पहुंच पा रही है। उन्होंने लगातार राज्य और जिला प्रशासन से बाढ़ राहत सामग्री, मवेशियों के लिए चारा और आवागमन की व्यवस्था करने की मांग की, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया है।
भाकपा-माले औराई-कटरा के प्रभारी मनोज कुमार यादव ने प्रशासन से सवाल किया कि बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अब तक क्या किया गया है। उन्होंने विष रोधी दवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की कमी का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि प्रशासन को बाढ़ पीड़ितों के लिए आपातकालीन मोबाइल नंबर जारी करने चाहिए ताकि लोग सहायता के लिए संपर्क कर सकें। टीम में माले जिला कमिट सदस्य एडवोकेट मुकेश पासवान, प्रमुख राम, ब्रजकिशोर सहनी सहित कई अन्य लोग शामिल थे।




















