डीएम शैलेंद्र कुमार ने विद्युत ग्रिड और अशोक धाम PSS का किया निरीक्षण

  • Post By Admin on Aug 14 2026
डीएम शैलेंद्र कुमार ने विद्युत ग्रिड और अशोक धाम PSS का किया निरीक्षण

लखीसराय: जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने गुरुवार को बड़हिया और विद्यापीठ चौक स्थित विद्युत ग्रिड सब-स्टेशनों तथा निर्माणाधीन अशोक धाम पावर सब-स्टेशन (PSS) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, ट्रांसमिशन, ट्रिपिंग, कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सबसे पहले जिला पदाधिकारी ने बड़हिया में निर्माणाधीन 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन (GSS) का निरीक्षण किया। यह परियोजना बड़हिया पावर सब-स्टेशन के समीप निर्माणाधीन है। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में बड़हिया PSS की क्षमता 20 मेगावाट है, जबकि लगभग 16 मेगावाट विद्युत आपूर्ति की जा रही है। निर्माणाधीन GSS की क्षमता 40 MVA होगी।

वर्तमान में बड़हिया PSS को हथीदह GSS से बिजली मिलती है। नए GSS के चालू होने के बाद बड़हिया क्षेत्र विद्युत आपूर्ति के मामले में अधिक आत्मनिर्भर होगा और अतिरिक्त विद्युत उपलब्ध होने पर प्रतापपुर, बिरूपुर और खुटहा सहित अन्य पावर सब-स्टेशनों को भी आपूर्ति करने में सहायता मिलेगी। निरीक्षण के दौरान डीएम ने ग्रिड परिसर की भूमि, कंट्रोल रूम, प्रस्तावित आपूर्ति क्षेत्रों और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

इसके बाद जिला पदाधिकारी ने बड़हिया STP परिसर के सामने स्थित गंगा घाट का निरीक्षण किया। यह STP नमामि गंगे परियोजना के तहत बनाया जा रहा है। उन्होंने गंगा नदी के जलस्तर और घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। स्थानीय लोगों द्वारा गंगाजल लेने के लिए घाट पर आने की जानकारी मिलने पर डीएम ने सुरक्षा घेरा और बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत डीएम ने विद्यापीठ चौक, सलोनाचक स्थित 132/33 केवी GSS का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार इस ग्रिड की क्षमता लगभग 150 मेगावाट है, जबकि वर्तमान में जिले में लगभग 90 मेगावाट विद्युत आपूर्ति की जा रही है। इसी GSS से जिले के 16 पावर सब-स्टेशनों को बिजली दी जाती है।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने ट्रांसमिशन व्यवस्था, ट्रिपिंग, विद्युत उपलब्धता, कंट्रोल रूम और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने बिजली आपूर्ति में आने वाली समस्याओं और उनके समाधान पर अधिकारियों के साथ चर्चा की तथा निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पदाधिकारी ने नव निर्माणाधीन अशोक धाम PSS का भी निरीक्षण किया और परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने तथा समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता सुमित सौरभ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और अभियंता उपस्थित रहे।