बंगाल में भगवा क्रांति : लखीसराय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाला भव्य विजय जुलूस
- Post By Admin on May 04 2026
लखीसराय : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक और प्रचंड जीत की गूँज अब बिहार के विभिन्न जिलों में भी साफ़ तौर पर देखी जा रही है। इसी कड़ी में आज लखीसराय में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशाल और भव्य विजय जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया गया।
विजय जुलूस की शुरुआत नगर के छोटी दुर्गा स्थान से हुई, जो पूरे उत्साह और जोश के साथ शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए शहीद द्वार पर जाकर संपन्न हुई। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए, जिन्होंने पूरे मार्ग को जोशीले नारों से गुंजायमान कर दिया। कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक अवसर पर पारंपरिक रूप से झाड़ मूढ़ी का वितरण किया और आम जनता के बीच मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। भारी भीड़ के बावजूद पूरा जुलूस बेहद अनुशासित रहा, जो पार्टी की एकजुटता को दर्शाता है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने अपने संबोधन में इस जीत को विचारधारा की विजय करार दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने उस सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को चुना है जिसकी नींव डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने रखी थी। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि दशकों तक वामपंथ, कांग्रेस और टीएमसी के कुशासन ने जिस बंगाल को घुसपैठ और तुष्टीकरण की आग में झोंके रखा, वहां की जनता ने अब उन नीतियों को सिरे से नकार दिया है। श्री सिंह ने स्पष्ट किया कि यह जनादेश एक स्पष्ट संदेश है कि अब बंगाल की धरती पर तुष्टीकरण की राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं होगा और राज्य अब उत्तर प्रदेश एवं महाराष्ट्र की तरह सुशासन की दिशा में आगे बढ़ेगा।
जिलाध्यक्ष ने आगे कहा कि यह जीत राष्ट्रवाद, विकास और जनविश्वास की सामूहिक जीत है। स्वामी विवेकानंद और गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर के सपनों का ‘सोनार बांग्ला’ अब साकार होने की दिशा में अग्रसर है और यह जीत हर उस समर्पित कार्यकर्ता की है जिसने वर्षों तक संघर्ष कर पार्टी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया। उन्होंने इसे बंगाल के स्वाभिमान की पुनर्स्थापना बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री सनोज साहू, जिला मंत्री हिमांशु पटेल, जिला उपाध्यक्ष गौतम मंडल, मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा और ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष विकास आनंद ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। साथ ही युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सोनू चन्द्रवंशी, मंटू नटराज, नीरज गुप्ता, धन्नजय विभोर, गौरी शंकर, संजय बंका, रूपेश कुमार बंटी और मनीष चौरसिया सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस सफल आयोजन ने स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच एक नई ऊर्जा का संचार किया है।