लखीसराय : बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा एक दिवसीय दौरे पर लखीसराय पहुंचे जहां बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। उपमुख्यमंत्री ने पार्टी के प्रधान कार्यालय में आयोजित जन कल्याण संवाद कार्यक्रम में भाग लिया जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित हुए। इस कार्यक्रम के दौरान सिन्हा ने लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं और पार्टी के एजेंडे पर भी चर्चा की।
झारखंड विधानसभा चुनाव में बीजेपी की हार पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने घुसपैठ और राष्ट्रवाद के मुद्दे उठाए लेकिन विपक्ष ने इसे तुष्टिकरण का रूप दे दिया। हालांकि, उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि झारखंड की जनता को जल्द ही इसका एहसास होगा। सिन्हा ने कहा कि बीजेपी झारखंड में एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभा रही है और भविष्य में पार्टी और भी सशक्त होकर उभरेगी।




















